छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने ग्राम रिवागहन स्थित उनकी प्रतिमा पर मिट्टी फेंक दी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।
.
यह घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम रिवागहन की है। ग्रामीणों ने 7 नवंबर की सुबह प्रतिमा पर मिट्टी लगी देखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर लगाई मिट्टी।
सूचना मिलने के बाद स्थिति का जायजा लिया
जानकारी के अनुसार, यह प्रतिमा सुशासन दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल रावां अध्यक्ष अमन राव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि देश के महापुरुषों की प्रतिमा का अपमान करना अत्यंत निंदनीय है।
कानूनी कार्रवाई की मांग
मंडल अध्यक्ष अमन राव ने प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए प्रतिमा की सफाई कर उसे पुनः स्थापित किया।
बता दें कि हाल ही में भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा में भी इसी तरह की घटना हुई थी। इस मामले में भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।
<
