![]()
.
बादल छंटने और उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवा के प्रभाव से अब अंबिकापुर में ठंड की दस्तक हो गई है। बीते 24 घंटों में ही रात के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते रविवार को शहर का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 17.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
तापमान गिरने से रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। दिन में तेज धूप खिली, जिससे अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, लेकिन हवा में ठंडक बरकरार रही। मौसम साफ होने से किसान राहत महसूस कर रहे हैं। धान की फसल अब तैयार हो चुकी है, और तेज धूप निकलने के बाद फसल कटाई के काम में तेजी आने की उम्मीद है।
शहर के बाहर मैदानी और खासकर पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर ज्यादा है। समुद्र तल से करीब 11 सौ मीटर की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने लगा है, जो मैदानी इलाकों से लगभग दो से तीन डिग्री कम रहता है। मौसम विभाग के अनुसार, अभी कोई नया सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए उत्तर की हवा का प्रभाव बना रहेगा, जिससे आने वाले दिनों में रात के तापमान में और कमी आने की संभावना है। हालांकि, दिन में धूप के कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना रह सकता है।
<
