सांसद खेल महोत्सव का आगाज मंगलवार को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में धूमधाम से होना था, लेकिन पहले ही दिन मैदान पर अव्यवस्था की तस्वीरें देखने को मिली। सुबह से ही ऑफिशियल स्टाफ और पीटीआई स्टाफ मैदान में पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें नाश्ते तक की व्यवस्था नहीं म
.
भिलाई के शांति नगर दशहरा मैदान में दोपहर 1.10 बजे ऑफिशियल को नाश्ता मिला। लेकिन जो पैकेट पहुंचा, उसमें भी सिर्फ थोड़ा-सा पोहा था। यह नजारा तब था जब आयोजन में करीब 50 हजार प्रतिभागियों का रजिस्ट्रेशन हुआ था, लेकिन दोपहर तक शांति नगर दशहरा मैदान में सिर्फ 250 से 300 प्रतिभागी ही नजर आए। ज्यादातर सरकारी स्कूलों के बच्चे थे।

शांति नगर, दशहरा मैदान भिलाई में सांसद खेल महोत्सव के दौरान पहुंचे दुर्ग सांसद विजय बघेल। इस दौरान कबड्डी खेल का हुआ आयोजन।

भिलाई में बालिका वर्ग कबड्डी का हुआ आयोजन।
व्यवस्था बनाने में फेल हुआ भिलाई नगर निगम
सांसद खेल महोत्सव में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम भिलाई को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। निगम आयुक्त ने अपने उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू को इसका नोडल बनाया था। लेकिन सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत ही अव्यवस्थित और लचर प्रबंधन के साथ हुई। दोपहर 1.30 बजे तक एथलेटिक्स के लिए मार्किंग ही की जा रही थी, जबकि जानकारों के अनुसार यह व्यवस्था एक दिन पहले से हो जानी थी।
पहले ये तस्वीरें देखिए…

ऑफिशियल को दोपहर 1 बजे मिला नाश्ता।



पानी के लिए भी परेशान होते रहे ऑफिशियल और बच्चे
आयोजन स्थल पर पीने के साफ पानी की भी बेहतर व्यवस्था नहीं दिखी। पीने के पानी के नाम पर केवल तीन पानी के जार रखे थे, वो भी खाली हो चुके थे। एक टैंकर मंगवाया गया था, लेकिन खिलाड़ी और छात्र टैंकर के पानी को पीने से परहेज कर रहे थे। मजबूरी में कुछ खिलाड़ी टैंकर का पानी पीते भी नजर आए।
निगम बोला- ऑफिशियल घर से नाश्ता कर के आए थे, बच्चों को टिफिन लाने के थे निर्देश
अव्यवस्थाओं पर आयोजन के नोडल अधिकारी और नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर कुमार साहू ने कहा कि, छोटे बच्चों को स्कूल से निर्देश था कि वे टिफिन खुद लाएं। स्कूल के पीटीआई और ऑफिशियल सुबह घर से नाश्ता कर आए थे।
डेढ़ लाख रुपए का जो फंड है, वह सिर्फ नाश्ते-पानी के लिए नहीं, बल्कि टेंट, खेल व्यवस्था और उपकरणों के लिए भी है। इसमें स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट से कोई अरेंजमेंट नहीं है। पूरी व्यवस्था नगर निगम देख रहा है। हमने धीरे-धीरे व्यवस्था को सुधार लिया है।
खाने का प्रबंध भी किया जा रहा है। जो भी पीटीआई टीचर्स और बीपीएड के स्टूडेंट्स हैं। उनके लिए व्यवस्था की जा रही है। जो भी नगर निगम के स्टाफ हैं। उनके खाने का अरेंजमेंट किया जा रहा है। बच्चों के लिए बिस्किट का वितरण किया जा रहा है।
देर से हुआ एथलेटिक्स का आयोजन
भिलाई के शांति नगर दशहरा मैदान में सबसे ज्यादा अव्यवस्था नजर आई। यहां एथलेटिक्स के लिए चुना मार्किंग का काम दोपहर 1.30 बजे तक चलता रहा। जबकि पिछले तीन दिनों से भिलाई में बारिश भी नहीं हुई है। इसके बाद भी मार्किंग और ग्राउंड तैयार करने में देरी की गई। दोपहर तक एथलेटिक्स की एक भी प्रतियोगिता नहीं हो सकी थी। बाद में 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया।
चार लेवल पर होनी है प्रतियोगिता
दुर्ग में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन चार स्तरों पर होना है। इसमें वार्ड, क्लस्टर, विधानसभा और लोकसभा स्तर शामिल है। इस आयोजन में 5 मेजर खेल वॉलीबॉल, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगासन, एथलेटिक्स 100 और 400 मीटर और 5 पारंपरिक खेल कबड्डी, खो-खो, गेड़ी, फुगड़ी और सुरीली कुर्सी शामिल हैं।
व्यवस्था देख भड़के सांसद, अफसरों को लगाई फटकार
दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने भी मौके पर पहुंचकर लचर व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि, कड़े शब्दों में नगर निगम आयुक्त को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। सांसद विजय बघेल ने कहा कि कुछ विसंगति हो गई थी, लेकिन इसे सुधार लिया गया है। मैं भी इसकी निगरानी कर रहा हूं।
हमारे सभी पार्षद, सांसद प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। सिस्टम में कुछ गड़बड़ी हुई थी, मैंने भी आयुक्त से कड़े शब्दों में उनको कहा कि ये अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
आयुक्त से इन्हें पूरी तरह निर्देश नहीं मिला था। अभी धीरे-धीरे व्यवस्था सुधर रही है। कल भी यह व्यवस्था पूरी तरह सुधर जाएगा। बहुत जगह अच्छी व्यवस्था भी है। यहां कुछ अंडरस्टैंडिंग में कमी की वजह से यह हो गया है।
भिलाई में यहां यहां हो रहे आयोजन
– शांति नगर दशहरा मैदान : कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल, एथलेटिक्स, फुगड़ी, सुरीली कुर्सी। – अंबेडकर भवन, बैकुंठ धाम : वेटलिफ्टिंग, योगासन, कुश्ती। – जयंती स्टेडियम : कबड्डी, एथलेटिक्स, फुगड़ी, योगासन, सुरीली कुर्सी। – बीएसपी ग्राउंड सेक्टर-2 : वॉलीबॉल। – बीएसपी ग्राउंड सेक्टर-3 : कुश्ती। – बीएसपी ग्राउंड सेक्टर-4 : खो-खो। – बीएसपी ग्राउंड सेक्टर-6 : वेटलिफ्टिंग।
पूरे लोकसभा क्षेत्र में आयोजित हो रही प्रतियोगिता
सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत मंगलवार से हुई। नगर निगम भिलाई, रिसाली निगम, दुर्ग निगम और भिलाई चरोदा निगम के हर वार्ड से खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी निगम में इसका आयोजन किया जा रहा है।
इसमें पहला वार्ड स्तर, क्लस्टर, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिता होनी है। तीन कैटेगरी में होगी। इसमें पहला 18 वर्ष तक, दूसरा 30 वर्ष तक और तीसरा 30 वर्ष से ऊपर के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
दुर्ग में 2 लाख का था टारगेट, 4 लाख से ज्यादा पंजीयन
बताया जा रहा है कि जब आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही थी उस वक्त 2 लाख लोगों के पंजीयन का टारगेट रखा गया था। लेकिन सांसद विजय बघेल ने बताया कि पूरे देश में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में हुआ है। अब तक लगभग 4 लाख 82 हजार पंजीयन के साथ हम देश में पहले स्थान पर हैं।
<
