उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो पर अभद्र कमेंट के दो मामले, साइबर थाना में अपराध दर्ज


कबीरधाम जिले में सोशल मीडिया पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र कमेंट करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संबंधित फेसबुक अकाउंट, कमेंट और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी व कानूनी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पहले मामले में फेसबुक पोस्ट पर कमेंट करने का आरोप है। इस संबंध में प्रकरण क्रमांक 08/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शिवाजी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 1, कवर्धा निवासी राकेश साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके दोस्त नरेश निर्मलकर ने फेसबुक पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो अपलोड की थी।
आरोप है कि इस फोटो पर वरुण राजपूत ने सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक, अभद्र और अश्लील गाली-गलौज वाले कमेंट किए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना कबीरधाम में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
दूसरा मामला फेसबुक स्टोरी पर टिप्पणी से जुड़ा है। इसमें प्रकरण क्रमांक 09/2026 दर्ज हुआ है। इस मामले में घोठिया रोड वार्ड क्रमांक 26, कवर्धा निवासी योगेश महाजन ने शिकायत की। शिकायत के मुताबिक, आरोपी जित्तू चंद्रवंशी ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की फोटो फेसबुक स्टोरी पर लगाई और उसके संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र कमेंट किए।
शिकायत और उपलब्ध स्क्रीनशॉट के आधार पर पुलिस ने धारा 296 बीएनएस और धारा 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों में संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, कमेंट, स्क्रीनशॉट और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी एवं वैधानिक जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार शंकर राठौर के नेतृत्व में की गई है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी के मामलों में नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।




