![]()
अमित जोगी ने जगदलपुर में प्रेस वार्ता ली।
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के लीडर अमित जोगी ने बस्तर में DMF की 1620 करोड़ रुपए की राशि का हेरफेर करने का आरोप लगाया है। इसकी जांच की मांग की है।
.
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सिर्फ बस्तर में ही 2 से 9 नवंबर के बीच 12 सांप्रदायिक हमले हुए हैं। लेकिन एक भी FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब हम आवाज उठाते हैं तो BJP हमें राष्ट्रद्रोही कहती है।
दरअसल, अमित जोगी 11 नवंबर को जगदलपुर दौर पर रहे। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिर्फ बस्तर में ही 2 नवंबर से लेकर 9 नवंबर 2025 तक इन सात दिनों में 12 सांप्रदायिक हमले हुए हैं।
कांकेर में ईसाई समुदाय के शव को दफनाने से रोका गया। लोहंडीगुड़ा में 12 परिवारों को जान बचाकर जंगल भागना पड़ा। तोंगपाल में घर और प्रार्थना सभाएं जलाई गईं। धर्म गुरुओं की पिटाई की गई।
सबसे बड़ी बात इन सब मामलों में पुलिस ने एक भी FIR दर्ज करना उचित नहीं समझा। ये कोई सामान्य घटनाएं नहीं हैं, बल्कि ये एक सुनियोजित रणनीति है। इसमें स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल हैं। बस्तर में प्रशासन मूक दर्शन बन बैठा है।
अमित जोगी ने ये मांग की
- संविधान के अनुच्छेद 25 का क्रियान्वयन किया जाए।
- सांप्रदायिक हिंसा पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
- पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित कराया जाए।
- स्थानीय संसाधनों पर रोजगार में 100% स्थानीय लोगों को आरक्षण दिया जाए।
- NMDC DMF फंड का ऑडिट किया जाए।
1620 करोड़ की हेराफेरी का आरोप
अमित जोगी का कहना है कि जिला अध्यक्ष नवनीत चांद ने दस्तावेजी प्रमाण के साथ कलेक्टर से शिकायत की है कि DMF फंड में 1620 करोड़ रुपए की राशि का हेरा फेरी किया गया है। हमारी मांग है कि ED की टीम केवल कवासी लखमा या फिर हरीश लखमा के यहां दस्तक न दे, बल्कि ऐसी बड़ी कंपनियों के यहां भी दस्तक दे।
BJP-RSS फैलती है अशांति
अमित जोगी ने कहा कि BJP, RSS सांप्रदायिकता फैलाती है, अशांति फैलाती है। इसकी आड़ में यहां की खनिज संपदा लूटती है। और हम जैसे लोग जो विरोध करते हैं हमें शांत करने की, कुचलने की कोशिश करती है।
हमें राष्ट्रद्रोही कहा जाता है। यह जो मॉडल उन्होंने गुजरात में लागू किया अब वही मॉडल छत्तीसगढ़ में भी लागू हो रहा है। मैं यहां पॉलिटिकल लीडर के रूप में नहीं आया हूं।
छत्तीसगढ़ के एक नागरिक के रूप में आया हूं। उन्होंने कहा मैं आम जनता से अपील करता हूं कि हम एक रहेंगे, हिंदू, ईसाई आदिवासी जो भी हैं सब एक रहें। हम नहीं बटेंगे। भाजपा की फूट डालो की रणनीति को हम विफल करेगें। हम अपने सवैधानिक अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई लड़ेंगे।
<
