Uncategorized

अंबिकापुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोपी महिला बंदी की इलाज के दौरान मौत

अंबिकापुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोप में बंद महिला कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। महिला के परिजनों की तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिला जेल से महिला बंदी मथुरा यादव (55) को 19 फरवरी 2026 को अंबिकापुर सेंट्रल जेल लाया गया था। उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है।

सेंट्रल जेल में तबीयत खराब होने के बाद उसका इलाज किया जा रहा था। जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि तबीयत खराब होने पर महिला बंदी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच और इलाज के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया।

17 सितंबर को तबीयत फिर बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जेल अधीक्षक ने बताया कि रिकॉर्ड में महिला के दो अलग-अलग पते दर्ज हैं। परिजनों से संपर्क करने के लिए संबंधित थानों के जरिए प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी भी परिजन से संपर्क नहीं हो पाया है।

महिला के जेल में रहने के दौरान कोई भी परिजन उससे मिलने नहीं आया था। महिला बंदी की मौत की सूचना जिला कलेक्टर और जिला-सत्र न्यायाधीश को दे दी गई है।

जेल अधीक्षक के अनुसार, अगर परिजन पहुंचते हैं, तो नियम के अनुसार वीडियोग्राफी कराकर शव उन्हें सौंपा जाएगा। परिजन नहीं पहुंचते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button