.
नगर पालिका में आमंत्रित निविदाओं में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नगरपालिका परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद सुकमा द्वारा समाचार पत्रों में प्रकाशित निविदा आमंत्रण प्रक्रिया में गंभीर खामियां बरती गई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई ठेकेदारों ने नियमानुसार आवेदन किया, इसके बावजूद उन्हें बिना किसी ठोस कारण के निविदा फार्म नहीं दिए गए। वहीं, कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को नियमों को ताक पर रखकर फार्म उपलब्ध करा दिए गए, जिससे पूरी प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने कहा कि यह पूरा मामला शासन के नियमों का खुला उल्लंघन है और इससे नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निविदा प्रक्रिया को जानबूझकर प्रभावित कर कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। कवासी ने मांग की कि सभी संदिग्ध निविदाओं को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरी निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से नए सिरे से कराया जाए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका परिसर में जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। घेराव के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि मामले में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
<
