जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध और आपराधिक तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई।
.
अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से अकलतरा पुलिस की विशेष टीम ने देर रात इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। घेराबंदी कर इन आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अवैध शराब बेचने वाला एक व्यक्ति, चिलम से गांजा पीते हुए पकड़ा गया एक व्यक्ति और सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वाला एक व्यक्ति शामिल है। इनके अलावा, 6 अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को भी पकड़ा गया है।

टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा ने अपनी टीम के साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।
चेकिंग के दौरान, पुलिस ने एक आरोपी से 6 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, चिलम के साथ गांजा पीते पकड़े गए एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई। 6 अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
<
