कोरबा में मां ने नवजात को झाड़ियों में फेंका
कोरबा जिले में एक नवजात शिशु को उसकी मां ने जन्म के बाद बाड़ी में छोड़ दिया। ग्रामीणों ने बच्चे को रोते हुए पाया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
.
यह घटना बाकी मोगरा थाना क्षेत्र के कसरेगा गांव की है। किसान नरेंद्र यादव की मां ने अपनी बाड़ी में नवजात के रोने की आवाज सुनी। नरेंद्र यादव ने अपने भाई के साथ मौके पर जाकर देखा तो नवजात झाड़ियों में पड़ा था, जिसके शरीर पर मक्खियां और चींटियां लगी हुई थी।

ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
ग्रामीणों ने तत्काल बाकी मोगरा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से नवजात को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

नवजात के शरीर पर खरोंच के निशान थे
बीएमओ डॉ. रश्मि कंवर ने बताया कि जब बच्चे को अस्पताल लाया गया तो उसकी हालत ठीक नहीं थी। उसके शरीर पर खरोंच के निशान थे, जिसके कारण वह लगातार रो रहा था। उसे एंटीबायोटिक डोज दिया गया है और ऑक्सीजन पर रखा गया है। डॉक्टर के अनुसार, नवजात का जन्म लगभग 24 घंटे पहले हुआ था।
बाकी मोगरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने किसान नरेंद्र यादव और आसपास के अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा।
<
