![]()
.
अफसरों की लेटलतीफी के चलते जीवनदीप समिति की बैठक खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने आगामी तिथि तक के लिए स्थगित कर दी। डेढ़ वर्ष के लंबे अंतराल के बाद को रखी गई बैठक अफसरों के उपस्थित नहीं होने से पदेन अध्यक्ष विधायक इतने नाराज हुए हैं कि कहा कि तय समय से एक घंटे इंतजार के बाद भी अधिकारियों का बैठक में नहीं आना इस बात का प्रमाण है कि अफसर मनमर्जी नहीं बल्कि मनमानी कर रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंबागढ़ चौकी में जीवनदीप समिति की बैठक दोपहर 2 बजे सीएचसी के सभागृह में आयोजित थी। बैठक में शामिल होने के लिए जीवनदीप समिति के पदेन अध्यक्ष विधायक भोलाराम सवा दो बजे अंबागढ़ चौकी हास्पिटल पहुंच गए थे। वे लगभग पौन घंटे बीएमओ कक्ष में बैठक आरंभ कराने के लिए इंतजार करते रहे।
इस बीच बीएमओ डॉ. आरआर ध्रुवे बैठक में शामिल होने के लिए स्थानीय अधिकारियों को मोबाइल से संपर्क करते रहे। लेकिन बीएमओ के अथक प्रयास के बाद भी दोपहर तीन बजे तक नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, जनपद अध्यक्ष पुनउराम फुलकौरे तथा अधिकारियों में जनपद पंचायत की सीईओ प्रियवंदा रामटेके, बीईओ एसके धीवर व छग राज्य विद्युत वितरण कंपनी के जेई के अलावा कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हो पाए। आखिरकार लंबे इंतजार से विधायक इतने नाराज हुए कि उन्होंने समिति की बैठक को आगामी तिथि तक के लिए स्थगित कर अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
अधिकारियों के मध्य समन्वय नहीं हो पा रहा है: सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जीवनदीप समिति की बैठक डेढ़ वर्ष से नहीं हुई है। सूत्रों की माने तो बैठक के लिए जीवनदीप समिति के अध्यक्ष खुज्जी विधायक भोलाराम साहू व अधिकारियों के मध्य समन्वय नहीं हो पा रहा है। विधायक साहू ने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से जीवनदीप समिति की बैठक रखने के लिए बीएमओ को निर्देश दे रहे हैं। लेकिन बैठक रखा नहीं जा रहा है। इससे यह समझा जा सकता है कि अधिकारी क्या करना चाहते हैं। विदित रहे कि जीवनदीप समिति में स्थानीय विधायक पदेन अध्यक्ष व एसडीएम सचिव होते हैं। स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधि व अधिकारी इसके सदस्य होते हैं।
ंविधायक व एसडीएम से समय लेकर बैठक करेंगे जीवनदीप समिति की बैठक अब दिसंबर में ही हो पाएगी। बीएमओ डॉ. आरआर ध्रुवे ने बताया कि अगली बैठक के लिए वे जल्द ही विधायक व एसडीएम से समय लेकर बैठक आयोजित करेंगे। बताया कि इस बैठक में हॉस्पिटल व स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण एजेंडे को शामिल किया गया था। लेकिन बैठक के स्थगित हो जाने से कई विषयों पर निर्णय आगामी बैठक तक के लिए टल गया।
<
