![]()
कोंडागांव पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी आदित्य दुबे को राजस्थान से गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई 20 दिसंबर 2025 को की गई।
.
पीड़िता की मां ने 8 नवंबर 2025 को विश्रामपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 6 नवंबर 2025 को उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने राजस्थान में दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जांच के दौरान पीड़िता की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 18 दिसंबर 2025 को साइबर सेल कोंडागांव से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने जयपुर (राजस्थान) के थाना बगरू में दबिश दी। यहीं से पीड़िता को आरोपी के कब्जे से बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य दुबे (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह राजेश दुबे का बेटा है और ग्राम माधोनगर, थाना बेवर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।
पीड़िता का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता के कथन के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल फोन के माध्यम से उससे संपर्क किया और शादी का प्रलोभन दिया। वह उसे पहले दिल्ली और फिर जयपुर जिले के बगरू ले गया, जहां उसने उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के बयान के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(1)(ड), 67 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
आरोपी को थाना विश्रामपुरी लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके पश्चात 20 दिसंबर 2025 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
<
