छत्तीसगढ़ के धमतरी में आइसक्रीम डीलरशिप देने के नाम पर एक व्यापारी से 19 लाख 49 हजार 999 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली थाने में नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज क
.
शिकायत के अनुसार, व्यापारी को नेचुरल आइसक्रीम की डीलरशिप दिलाने का झांसा दिया गया। उनसे फोन पर संपर्क किया गया और अलग-अलग खर्चों के नाम पर ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके बाद किस्तों में लाखों रुपये लिए गए।

आइसक्रीम डीलरशिप के लिए 9-10 लाख रुपये का खर्च बताया गया
धमतरी के अमलतासपुरम, रुद्री रोड निवासी शिव अग्रवाल ने बताया कि लगभग दो साल पहले उन्होंने नेचुरल आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड की डीलरशिप के लिए कंपनी की ईमेल आईडी पर ऑनलाइन डिटेल भरा था। तब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। बाद में उन्हें कंपनी के रीजनल हेड का लैंडलाइन नंबर से फोन आया, जिसमें डीलरशिप की प्रक्रिया बताते हुए कुल 9 से 10 लाख रुपये का खर्च बताया गया।
रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 19 लाख 49 हजार जमा कराए
इसके बाद नेचुरल आइसक्रीम की मेल आईडी से एक ऑनलाइन फॉर्म भरवाया गया और कंपनी की मेल आईडी पर भेजा गया। रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 19 लाख 49 हजार 999 रुपये खातों में जमा कराए गए।
जब व्यापारी ने उक्त खाता नंबर बैंक से चेक कराया, तो पता चला कि खाताधारक का नाम किसी और व्यक्ति का है, जिससे उन्हें ठगी का अंदेशा हुआ। व्यापारी ने ऑनलाइन फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि नेचुरल आइसक्रीम डीलरशिप के नाम पर व्यापारी से 19 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई है। इस संबंध में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
<
