बलौदा बाजार के कसडोल विकासखंड स्थित ‘संस्कार हॉस्पिटल’ को प्रशासन ने सील कर दिया है। यह अस्पताल पिछले तीन वर्षों से बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था और यहां 12वीं पास युवक मरीजों का ऑपरेशन कर रहा था।
.
बीते माह अस्पताल में एक गर्भवती महिला की रहस्यमय मौत के बाद गंभीर सवाल उठे थे। इसी के आधार पर एसडीएम रामरतन दुबे और बीएमओ रवि अजगल्ले की संयुक्त टीम ने अस्पताल पर छापा मारा।

जांच में सामने आया कि अस्पताल नर्सिंग होम एक्ट का खुला उल्लंघन कर रहा था। यहां न तो कोई योग्य डॉक्टर था, न ही रजिस्टर्ड पैरामेडिकल स्टाफ और न ही आवश्यक आपातकालीन मेडिकल सुविधाएं मौजूद थीं। इसके बावजूद अस्पताल में बड़े ऑपरेशन किए जा रहे थे।



जांच में यह भी पता चला कि दुखित राम साहू नामक एक 12वीं पास युवक मरीजों का ऑपरेशन कर रहा था। एसडीएम रामरतन दुबे ने बताया कि जांच में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं, जिसमें अस्पताल का रजिस्ट्रेशन न होना और अयोग्य व्यक्तियों द्वारा गंभीर मेडिकल प्रक्रियाएं करना शामिल है।
बीएमओ रवि अजगल्ले ने इसे मरीजों के साथ धोखाधड़ी और जानलेवा लापरवाही का मामला बताया। प्रशासन ने अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस घटना ने जिले की निजी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
<
