कोरबा के आरक्षक की संदिग्ध मौत, पत्थलगांव में पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, महकमे में शोक

जशपुरनगर जिले के पत्थलगांव मे रविवार की सुबह उस समय सनसनी फ़ैल गईं, ज़ब एक पेड़ मे एक अज्ञात व्यक्ति का शव फंदे मे झूलता हुआ मिला। स्थानीय लोगो की सूचना पर मौक़े पर पुलिस पहुंची और मृतक की पहचान की कार्रवाई मे जुटी। मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के चंदागढ़ की है। मृतक की पहचान कोरबा जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में पदस्थ आरक्षक नरहरि पटेल (38) के रूप मे की गईं है। पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि रविवार की सुबह पुलिस को चंदागढ़ के रहवासियों ने सूचना दी थी कि गांव के मुरब्बाबाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ में फांसी के फंदें में टंगा हुआ है। सूचना पर पत्थलगांव पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के रहवासियों ने मृतक की पहचान की है। उन्होनें बताया शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार मृतक के चेहरे में चोट के निशान है। हालांकि एसडीओपी जायसवाल का कहना है कि मौत के कारण का पता पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से ही चल सकेगा। मौके से पुलिस ने मृतक की बाईक के साथ कुछ दस्तावेज भी बरामद किये हैं। नरहरि पटेल की पहचान होने के बाद कोरबा में उनके स्वजन को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। आरक्षक के पत्थलगांव पहुंचने की वजह और वहां हुई घटना की परिस्थितियां अब तक सामने नहीं आई हैं। वह कोरबा से कब रवाना हुआ था और किन कारणों से पत्थलगांव गया था, इसकी भी जानकारी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इन बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।पत्थलगांव पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
2013 में पुलिस विभाग में हुआ था भर्ती
नरहरि पटेल पिता गोवर्धन प्रसाद पटेल, वर्ष 2013 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती सिविल लाइन रामपुर में थी और वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय की स्टेनो शाखा में कार्यरत था। वह 27 सितंबर 2023 से वहां पदस्थ था। उसका निवास मानिकपुर की दादर बस्ती में था। परिवार में पत्नी और एक छोटी बेटी है।
वर्जन —
”स्थानीय रहवासियों की सूचना पर मृतक के शव को जब्त कर,पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण और चोट के निशान के संबंध में जानकारी मिल सकेगी।”
ध्रुवेश जायसवाल,एसडीओपी,पत्थलगांव।




