बिलासपुर में फर्जी मार्कशीट पर वार्ड बॉय बना, अब बर्खास्त:अफसरों ने बगैर जांच दे दी थी नियुक्ति, 7 साल बाद नौकरी से हटाया गया

![]()
बिलासपुर के गवर्नमेंट आयुर्वेदिक कॉलेज अस्पताल में अफसरों ने वार्ड बॉय के सर्टिफिकेट की जांच के बगैर ही उसकी नियुक्ति कर दी। कलेक्टर के आदेश पर जब कॉलेज समिति ने उसकी अंकसूची की जांच कराई, तो पता चला कि उसकी 8वीं कक्षा की अंकसूची फर्जी थी। इसी अंकसूची के आधार पर उसे नौकरी दी गई थी। करीब 7 साल तक नौकरी करने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अब वार्ड बॉय को बर्खास्त कर दिया है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, महावीर साहू की नियुक्ति के बाद तत्कालीन कलेक्टर अवनीश शरण को उसके प्रमाण पत्र और अंकसूची को लेकर शिकायत मिली। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कॉलेज प्रबंधन ने नियमों का पालन किए बिना उसकी नियुक्ति कर दी। जबकि भर्ती से पहले उम्मीदवार के सभी दस्तावेजों की जांच करना जरूरी था। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दिए। कॉलेज ने जांच के लिए बनाई समिति इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने जांच के लिए समिति बनाई, जिसके बाद युवक के अंकसूची की जांच कराई गई। समिति ने मामले की प्रारंभिक जांच की। बताया जा रहा है कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद वार्ड बॉय ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 14 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया। अपचारी सेवक को एक माह का नोटिस देने के बाद सेवा से बर्खास्त किया गया। 2008 की मार्कशीट में रोल नंबर 26987 जांच में पता चला कि महावीर साहू ने नौकरी के लिए साल 2008 की 8वीं कक्षा की अंकसूची लगाई थी। इसमें रोल नंबर 26987 दर्ज था और स्कूल के तौर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हसौद, विकासखंड जैजैपुर, जिला जांजगीर-चांपा का नाम लिखा था। विभाग ने जब इस अंकसूची का संबंधित स्कूल से सत्यापन कराया, तो स्कूल प्रबंधन ने बताया कि अंकसूची फर्जी है। कॉलेज प्रबंधन की भूमिका पर सवाल इस पूरे मामले में कॉलेज प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहा है। जिस समय वार्ड बॉय की नियुक्ति हुई, तब उसके मार्कशीट और दस्तावेजों की जांच क्यों नहीं की गई। फर्जी मार्कशीट के आधार पर नियुक्ति देने के जिम्मेदार अफसर पर क्यों कार्रवाई नहीं की गई। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य दिए, जैसे कई ऐसे सवाल हैं, जिससे कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहा है। डीन ने माना-पहले ही होनी थी दस्तावेजों की जांच गवर्नमेंट आयुर्वेदिक कॉलेज के डीन डॉ. जीआर चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्व के अधिकारियों को इस संबंध में उचित कार्रवाई करनी थी। विभागीय जांच में सच्चाई सामने आ गई। जांच के बाद वार्ड बॉय को नोटिस दिया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, वसूली सहित अन्य कार्रवाई के लिए अब राज्य सरकार को पत्राचार किया जा रहा है।
Source link




