Sitapur NH-43 Protest | Congress Leader Amarjeet Bhagat Road Chakkajam

नेशनल हाईवे-43 की बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को सीतापुर में चक्काजाम किया। सीतापुर से सूर के बीच करीब 3 किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क सुधार की मांग को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन क
.
अधिकारियों से 15 अक्टूबर के बाद सड़क का नवनिर्माण शुरू करने और उससे पहले गड्ढे भरने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद शाम 4 बजे चक्काजाम खत्म किया गया। वहीं, अंबिकापुर में भारत माता चौक से दरिमा चौक के बीच भी सड़क की खराब हालत के कारण घंटों जाम लगा रहा। सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए।

नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन।
सभा के बाद किया चक्काजाम
चक्काजाम से पहले दोपहर 12 बजे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के निवास के सामने कांग्रेस की जनसभा हुई। भगत ने खराब सड़क को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तीन साल में विधायक 3 किलोमीटर सड़क भी नहीं बनवा सके।
उनके मुताबिक सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। भगत ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग सड़क की समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। जनसभा के बाद दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता NH-43 पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
अधिकारियों ने दिया लिखित आश्वासन
चक्काजाम की सूचना पर सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा और नेशनल हाईवे के इंजीनियर राजेंद्र तिग्गा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क की मरम्मत और नवनिर्माण का आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के मुताबिक अधिकारियों ने लिखित में दिया है कि 15 अक्टूबर के बाद नवनिर्माण का काम शुरू किया जाएगा। उससे पहले सड़क के सभी गड्ढे भर दिए जाएंगे। आश्वासन मिलने के बाद करीब 4 बजे प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

सड़क मरम्मत और नवनिर्माण का मिला लिखित आश्वासन।
जिस जगह प्रदर्शन हुआ, वही सड़क चकाचक
कांग्रेस ने जिस स्थान पर चक्काजाम किया, वहां सड़क की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर थी। प्रदर्शनकारियों ने सीतापुर-सूर के बीच खराब सड़क को लेकर सवाल उठाए। करीब 3 किलोमीटर हिस्से में जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं।
बताया गया कि करीब 15 दिन पहले भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा भी इसी सड़क पर फंस गई थी। इसके बाद चार दिन पहले बड़े गड्ढों में बोल्डर डालकर उन्हें पाटने का काम किया गया।

अंबिकापुर में वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइन लगी।
अंबिकापुर में घंटों जाम, रेंगते रहे वाहन
NH-43 पर अंबिकापुर के भारत माता चौक से दरिमा चौक के बीच बुधवार को भीषण जाम की स्थिति बन गई। सड़क पूरी तरह खराब होने और बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
भारी वाहनों के साथ कार समेत छोटे वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की हालत पहले से खराब है। गड्ढों में बोल्डर डालने के बाद छोटे वाहनों के लिए परेशानी और बढ़ गई है।
इस सड़क के नवनिर्माण के लिए 44 लाख रुपए की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी गई है, लेकिन फिलहाल सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।




