अंबिकापुर में निकली तिरंगा यात्रा,देशभक्ति के रंग में रंगा शहर:जनप्रतिनिधि, अधिकारी, नागरिक और छात्र हुए शामिल, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का दिया संदेश

![]()
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को अंबिकापुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शहरवासी और बड़ी संख्या में स्कूली-कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा यात्रा मल्टीपरपज स्कूल से शुरू हुई। यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पर्यटन और संस्कृति मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का एक अच्छा माध्यम है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर तिरंगा लहराया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही सभी से अपने घर, दुकान और कार्यालय में तिरंगा फहराने का आग्रह किया। एकता और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। कलेक्टर अजीत वसंत ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे सभी नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि जिन आदर्शों और मूल्यों को लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई लड़ी, वे आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें स्वतंत्रता संग्राम के इन आदर्शों और देश की आजादी के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना चाहिए। देशभक्ति गीतों और नारों से गूंजा शहर तिरंगा यात्रा स्कूल रोड, महामाया चौक, देवीगंज रोड, कलेक्टोरेट चौक होते हुए गांधी स्टेडियम पहुंची। इस दौरान भारत माता की जयकारों, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों ने वातावरण को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का दिया संदेश आयोजन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, एसएसपी राजेश अग्रवाल, सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित अधिकारी-कर्मचारी, स्कूलों के छात्र एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
Source link




