स्कूल में 2 छात्रों की बेरहमी से पिटाई का आरोप:परिजनों का दावा- कमरे में बंद कर स्टम्प से पीटा, शिकायत करने पर दी धमकी

![]()
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर स्थित प्रेमनगर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने स्कूल के शिक्षकों पर आरोप लगाया है कि मामूली गलती पर बच्चों को कमरे में बंद कर स्टम्प से बेरहमी से पीटा गया। पिटाई से दोनों छात्रों की पीठ पर चोट के निशान पड़ गए हैं। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद बच्चे डरे-सहमे घर पहुंचे और पहले कुछ नहीं बताया। बार-बार पूछने पर उन्होंने पूरी घटना बताई। बच्चों का कहना है कि पिटाई के बाद शिक्षकों ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने घर जाकर किसी को इस बारे में बताया, तो उन्हें किसी गंभीर मामले में फंसा दिया जाएगा। परिजनों ने की कार्रवाई की मांग घटना से नाराज परिजनों ने कहा कि अगर बच्चों से कोई गलती हुई थी तो स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी अभिभावकों को देनी चाहिए थी। बच्चों को कमरे में बंद कर शारीरिक दंड देना पूरी तरह गलत है। उन्होंने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। खेल प्रभारी को हटाया गया स्कूल के प्राचार्य अंशु यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही संबंधित खेल प्रभारी गंगाधर को उनके पद से हटा दिया गया है।
Source link




