खराब भोजन-निजी काम कराने और शिकायत पर धमकाने का आरोप:छात्राओं ने अधीक्षिका के विरोध में किया प्रदर्शन; जांच और कार्रवाई की मांग की

![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सेमरदर्री कन्या छात्रावास में छात्राओं ने अधीक्षिका रीतू गुप्ता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं का कहना है कि पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। अब उन्होंने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई और छात्रावास की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें समय पर नाश्ता नहीं मिलता। भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है और कई बार खाने में कीड़े तक मिल चुके हैं। वहीं साबुन सहित रोजमर्रा की जरूरी सामग्री भी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराई जाती। छात्राओं का कहना है कि समस्याओं की शिकायत करने पर अधीक्षिका उन्हें डांटती हैं और कहती हैं, “इतना ज्यादा खाना क्यों खाती हो।” छात्राओं के अनुसार, अधीक्षिका उनके परिजनों को फोन कर यह भी कहती हैं कि “अपनी बेटी को यहां से ले जाइए, नहीं तो वह मेरी नौकरी खा जाएगी।” निजी काम कराने और सामान घर भेजने का आरोप छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास का सामान निजी उपयोग के लिए अधीक्षिका के घर भेजा जाता है। उनसे व्यक्तिगत काम कराए जाते हैं, अधीक्षिका अपने लिए अलग भोजन बनवाती हैं और बर्तन भी छात्राओं से धुलवाए जाते हैं। पढ़ाई पर पड़ रहा असर छात्राओं का कहना है कि वे छात्रावास में पढ़ाई करने आई हैं, लेकिन इस तरह के माहौल से मानसिक तनाव बढ़ रहा है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने ऐसी अधीक्षिका की नियुक्ति की मांग की है, जो छात्राओं के साथ अच्छा व्यवहार करे और छात्रावास की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए। शिकायत वापस लेने के लिए धमकाने का आरोप छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि पहले शिकायत करने पर मंडल संयोजक छात्रावास पहुंचे थे। उन्होंने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया और कथित तौर पर धमकी दी कि शिकायत जारी रखने पर उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी और पुलिस उन्हें उठाकर ले जाएगी।
Source link




