बेमेतरा के मातृ-शिशु अस्पताल की खिचड़ी में मिला कीड़ा:मरीजों ने खाने से किया इनकार, स्टाफ से शिकायत, सिविल सर्जन बोले-जांच के बाद होगी कार्रवाई

![]()
बेमेतरा जिला चिकित्सालय के मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों को परोसी गई खिचड़ी में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना से अस्पताल में दिए जाने वाले पौष्टिक आहार की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि कई थालियों में कीड़े पाए गए, जिसके बाद उन्होंने खिचड़ी खाने से इनकार कर दिया और स्टाफ नर्स से शिकायत की। एक मरीज मोहन मानिकपुरी ने बताया कि सुबह उन्हें परोसी गई खिचड़ी में कीड़ा दिखा, जिसके बाद उन्होंने उसे खाने से मना कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य मरीजों की थालियों में भी कीड़े पाए गए, जिसके कारण कई मरीजों ने खिचड़ी फेंक दी। मरीजों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। भोजन की गुणवत्ता पर मरीजों ने उठाए सवाल मरीजों और उनके परिजनों ने इस घटना पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि सरकार गर्भवती महिलाओं और बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और पोषण के लिए कई योजनाएं चला रही है, लेकिन अस्पताल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर ऐसी शिकायतें चिंता का विषय हैं। सिविल सर्जन बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई इस मामले में सिविल सर्जन लोकेश साहू ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की निगरानी के लिए कमेटी बनी हुई है। कमेटी के चार-पांच सदस्य प्रतिदिन भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भोजन में इस तरह की शिकायत सामने आई है तो इसकी जांच कराई जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पहले डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने का मामला आया था सामने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर इससे पहले भी सवाल उठ चुके हैं। कुछ दिन पहले डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने का मामला सामने आया था। टपकते पानी को रोकने के लिए वार्ड में बाल्टियां और टब रखे गए थे और इसी माहौल में मरीजों का डायलिसिस किया जा रहा था। अब मातृ-शिशु अस्पताल में भोजन में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं।
Source link




