बेमेतरा में घर से 5.60 लाख की चोरी:आरोपियों ने रकम बांटी, सोने के जेवर बेचे, 5 आरोपी गिरफ्तार, 13.70 लाख का माल बरामद

![]()
बेमेतरा पुलिस ने सिंघौरी वार्ड-12 में एक घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवर, घटना में इस्तेमाल बाइक, आरी पत्ती, बोरा उठाने का हुक, टीवी, मोबाइल, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन की पर्ची और नकदी सहित कुल 13.70 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, सिंघौरी वार्ड-12 निवासी पवन शाह ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 21 और 22 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात चोर उनके घर के हॉल की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे। चोरों ने अलमारी में रखे करीब 4.60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए, एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश पर सिटी कोतवाली और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच में डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की भी सहायता ली गई। जांच के दौरान, तकनीकी और सबूतों के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान और राजेश निषाद को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। नकदी बांटी, जेवर बेचे और गिरवी रखे पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की नकदी आपस में बांट ली थी। अजय जैन ने अपनी पत्नी दिव्या बाई सांखला के साथ मिलकर चोरी के कुछ सोने के जेवर राजनांदगांव के कोचर ज्वेलर्स में बेच दिए थे। वहीं, कुछ अन्य जेवरों को ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक में गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखा गया था। पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक आदित्य जैन से सोने का एक कंगन और एक चेन बरामद की। बैंक से सोने का रानी हार, एक अंगूठी और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, गोल्ड प्लेज कार्ड और गोल्ड लोन की पर्ची भी जब्त की गई है। बाइक, टीवी, मोबाइल और नकदी भी जब्त आरोपी अजय कुमार जैन से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, ताला काटने की आरी पत्ती, चोरी के पैसों से खरीदा टीवी और 2 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। मोहम्मद सुमोन खान से 20 हजार रुपए नकद और मोबाइल, जबकि राजेश निषाद से चोरी में इस्तेमाल बोरा उठाने का हुक, 8 हजार रुपए नकद और मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक सभी बरामद सामान की कुल कीमत करीब 13.70 लाख रुपए है। अजय पर 41, राजेश पर 33 और दिव्या पर 11 मामले पुलिस के अनुसार आरोपी अजय कुमार जैन के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट के करीब 41 मामले दर्ज हैं। राजेश निषाद के खिलाफ चोरी और नकबजनी के करीब 33 मामले दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद सुमोन खान के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 7 मामले और दिव्या बाई सांखला के खिलाफ चोरी और नकबजनी के करीब 11 मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान, राजेश निषाद, दिव्या बाई सांखला और आदित्य जैन को 31 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। अजय, राजेश और सुमोन को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। रिमांड पूरी होने के बाद तीनों को 3 अगस्त को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Source link




