टॉप न्यूज़

दुर्ग में बीच सड़क उपसरपंच की हत्या कर हुई लूट:भिलाई से गांव लौटते वक्त चार बदमाशों ने चाकू से गोदा, मोबाइल और 4 हजार रुपए लूटकर भागे




दुर्ग जिले में लूट और हत्या का मामला सामने आया है। रविवार देर रात धमधा रोड पर चार बदमाशों ने चाकू मारकर उपरसरपंच की हत्या कर दी। ग्राम तुमाकला के उपसरपंच को लूट की नीयत से चार आरोपियों ने रोका था। विरोध करने पर उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और 4 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के करहीडीह से चिखली चौक के बीच की है। जानकारी के मुताबिक ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप रविवार रात भिलाई से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर किया हमला
बताया जा रहा है कि बदमाश लूट की नीयत से आए थे। उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई। मोबाइल और नकद भी ले गए आरोपी
घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद जेवरा सिरसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पत्नी सरपंच और खुद उपसरपंच थे
प्रकाश सिंह कश्यप ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में उसी गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में लूट के दौरान हत्या की बात सामने आई है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। वारदात में शामिल चारों आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button