BJYM ने जम्मू-कश्मीर की घटना को लेकर दी श्रद्धांजलि:छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने भी जलाया था पुतला, आतंकियों ने मजदूरों को मारी थी गोली

![]()
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) तात्यापारा मंडल ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो हिंदू युवकों की हत्या के विरोध में रविवार को रायपुर के आजाद चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घटना पर अपना विरोध जताया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा के जिला महामंत्री राज गायकवाड़ ने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या बेहद दुखद है और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित न्याय दिलाने की मांग की और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहने का संकल्प लिया। छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने जलाया था पुतला छत्तीसगढ़ बजरंग दल रायपुर महानगर ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो हिंदू युवकों की हत्या के विरोध में शनिवार को पुतला दहन किया था और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। संगठन ने इस घटना की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की थी। बजरंग दल ने मांग की है कि केंद्र सरकार दोनों पीड़ित परिवारों को 1-1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करे। साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार से पीड़ित परिवारों के नए घर बनाने में सहयोग देने की मांग भी की गई। आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के मजदूरों को मारी थी गोली जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने पहले मजदूरों की पहचान पूछी और नाम जानने के बाद उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अधिकारियों के अनुसार, हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम में हुआ। मारे गए युवकों की पहचान दीपक रात्रे (24) और भूपेंद्र भैना (28) के रूप में हुई। दीपक रात्रे सक्ती जिले के बुंदेली गांव और भूपेंद्र भैना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छुईहा गांव के रहने वाले थे। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा है। दीपक अपनी मां, दिव्यांग भाई, पत्नी और 2 वर्षीय बेटे का इकलौता सहारा था। वहीं भूपेंद्र अपने पीछे 2 साल का बेटा, बहन और दादी को छोड़ गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवार वालों को 20-20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। रोजगार की तलाश में जम्मू गया था दीपक सक्ती जिले के बुंदेली गांव निवासी दीपक रात्रे करीब एक साल पहले पत्नी और भाई के साथ रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे, जहां ईंट भट्ठे में मजदूरी करते थे। आतंकी हमले में उनकी मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। जिला प्रशासन ने परिजनों को जानकारी दी और पार्थिव शरीर को सक्ती लाने की बात कही थी, हालांकि कश्मीर में ही अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
Source link




