टॉप न्यूज़

सीआरपीएफ ने मनाया 88वां स्थापना दिवस, शहीदों को श्रद्धांजलि:कोंडागांव में 510 फलदार और औषधीय पौधे भी रोपे




केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 188वीं बटालियन ने सोमवार, 27 जुलाई को अपना 88वां स्थापना दिवस कोंडागांव में मनाया। इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 510 फलदार एवं औषधीय पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 188वीं बटालियन के कमांडेंट (एओडी) नीतीन्द्रनाथ द्वारा क्वार्टर गार्ड पर सेरेमोनियल गार्ड के निरीक्षण और सलामी लेने से हुई। इसके बाद, राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित शहीद स्मारक पर बस्तर क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अधिकारियों और जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। सैनिक सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कमांडेंट नीतीन्द्रनाथ ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ पिछले 88 वर्षों से अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा के साथ मातृभूमि की सेवा में समर्पित है। बल का योगदान केवल आंतरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा रहा है। इस दौरान सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को मिष्ठान्न वितरित किया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर भारत सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 188वीं बटालियन ने मुख्यालय चिकलपुट्टी कैंप सहित केशकाल (कोंडागांव), पालेम, मारीपारा (सुकमा) और पुसपालघाट (बस्तर) में कुल 510 फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए। शाम के समय मुख्यालय परिसर में रस्साकशी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सामूहिक भोज का भी आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों, जवानों और परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वाहिनी की दूरस्थ कंपनियों में भी स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर उप कमांडेंट दीपक सिंह, उप कमांडेंट मुकेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल चंद्रन आर.पी. सहित बटालियन के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button