टॉप न्यूज़

सूरजपुर में भालुओं ने ग्रामीण पर किया हमला:गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती, खेती के औजार बनवाकर लौट रहा था




सूरजपुर जिले के बिहारपुर वन परिक्षेत्र में 3 भालुओं ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब ग्रामीण खेती के औजार बनवाकर दूसरे गांव से अपने घर लौट रहा था। घायल व्यक्ति का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कछवारी निवासी 55 वर्षीय शिवरतन खेती के औजार बनवाने के लिए पड़ोसी गांव खोहिर गए थे। काम पूरा होने के बाद वे जंगल के रास्ते अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रेडिया नदी के पास अचानक तीन भालुओं ने उन पर हमला कर दिया, जिससे शिवरतन गंभीर रूप से घायल हो गए। भालुओं के चंगुल से खुद को छुड़ाया बताया जा रहा है कि हमले के दौरान शिवरतन ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह भालुओं के चंगुल से खुद को छुड़ाया। इसके बाद वे जंगल से बाहर निकले और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन अमला मामले की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। गौरतलब है कि बिहारपुर वन क्षेत्र में भालुओं की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में जंगल से लगे गांवों के लोगों को अक्सर जंगली जानवरों के हमले का खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button