भास्कर न्यूज|कवर्धा तेज रफ्तार, तनाव और शोर से भरी जिंदगी के बीच बुधवार सुबह कवर्धा ने कुछ देर के लिए खुद को थाम लिया। महावीर स्वामी चौक स्थित स्थानक भवन में 95 मिनट तक सामूहिक नवकार मंत्र जाप किया गया। विश्व नवकार दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के अलग- अलग वर्गों शिक्षक, छात्र, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक ने एक साथ बैठकर एक ही स्वर में जाप किया। सुबह 8.01 से 9.36 बजे तक बिना रुके जाप चला। यह जाप शहर में आध्यात्मिक अनुशासन और एकजुटता की मिसाल बन गया। बताया कि सामूहिक जाप और ध्यान न सिर्फ धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी प्रभावी माध्यम है। कवर्धा में हुआ यह आयोजन उसी दिशा में एक कदम नजर आया, जहां लोग कुछ देर के लिए मोबाइल, भागदौड़ और तनाव से दूर होकर आत्म-एकाग्रता में डूबे दिखे। स्कूलों तक पहुंचा संदेश: इस आयोजन की गूंज स्थानक भवन तक सीमित नहीं रही। शहर के निजी स्कूल में भी विद्यार्थियों ने नवकार जाप में हिस्सा लिया। नई पीढ़ी को भी ध्यान और आध्यात्मिक अनुशासन से जोड़ने की कोशिश की गई। कार्यक्रम में जैन समाज के अलावा अन्य समुदायों के लोग भी शामिल हुए। एक ही छत के नीचे अलग- अलग पृष्ठभूमि के लोग बैठकर एक स्वर में मंत्र जाप किए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नवकार मंत्र को सिर्फ आध्यात्मिक साधना नहीं, बल्कि वर्तमान समय की जरूरत बताया। उनका कहना था कि बढ़ती हिंसा, तनाव और असहिष्णुता के माहौल में ऐसे सामूहिक प्रयास समाज को संतुलन और सकारात्मक दिशा देते हैं। इससे समाज सही दिशा में विकास करता है।
<
