भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कक्षा 9वीं और 11वीं के परिणामों की घोषणा शाला प्रबंधन व विकास समिति और अभिभावकों की उपस्थिति में की गई, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में प्राचार्य अमरदीप गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने प्रेरित किया। विद्यालय ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना और उन्हें उच्च लक्ष्य प्राप्त करने प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा प्रभारी नम्रता गुप्ता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
<
