Uncategorized

61 लाख की साइबर ठगी में राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार, अब तक 19 गिरफ्तारियां

दंतेवाड़ा जिले में 61 लाख 6 हजार 592 रुपए के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामले में पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दिनेश (31), निवासी श्री कृष्ण नगर, चौकी लक्ष्मण नगर, थाना भोजासर, जिला फलोदी (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान में उसकी तलाश की और उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाया गया। 30 सितंबर को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया।

जांच में सामने आया कि साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया और बाद में रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर उसके स्रोत को छिपाने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी बैंक खातों को किराए पर लेकर साइबर ठगी से प्राप्त रकम का लेन-देन करते थे। इसके बाद इस रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का प्रयास किया जाता था, ताकि ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत और अपराध से जुड़े साक्ष्यों को छिपाया जा सके।

61.06 लाख की ठगी की जांच में सामने आया कि नाम हारमपारा गीदम निवासी भूपेंद्र तेलामी (44) की रिपोर्ट पर ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामले में थाना गीदम में अपराध क्रमांक 27/2025 दर्ज किया गया था। मामले में कुल 61 लाख 6 हजार 592 रुपए की धोखाधड़ी की गई थी।

पुलिस ने धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन का एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स का इस्तेमाल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर फ्रॉड में शामिल आरोपियों और उनके बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। इसी जांच के आधार पर राजस्थान में आरोपी की पहचान हुई और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

एसडीओपी आकांक्षा पांडेय ने कहा कि इस मामले में अब तक साइबर फ्रॉड में संलिप्त कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल दंतेवाड़ा भेजा जा चुका है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button