दुर्ग शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत नदी रोड इलाके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाइयां, कफ सिरप और मोबाइल जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीम
.
यह कार्रवाई गुरुवार की रात गश्त और विशेष अभियान के दौरान की गई। सिटी कोतवाली दुर्ग और एसीसीयू (एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट) की टीम संयुक्त रूप से रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान चंडी मंदिर के पास सूचना मिली कि नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास कुछ लोग प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम सुबह करीब 5 बजे नदी रोड पहुंची और घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद जावेद उर्फ अमित, रूपेश मेश्राम, अमित श्रीवास्तव, गुलाब भौते, मंगल सारथी और महादेव साहू बताए। ये सभी हरनाबांधा, दुर्ग के रहने वाले हैं।
अलग-अलग प्रकार की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां मिली
तलाशी में आरोपियों के पास से अलग-अलग प्रकार की प्रतिबंधित नशीली दवाइयां, कफ सिरप और मोबाइल बरामद हुए। जब्त की गई दवाइयों में प्रैक्टिन, स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, डेक्सोना, डेकडेन और रेक्सकॉफ डीएक्स कफ सिरप शामिल हैं। बरामद की गई दवाइयों को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर सीलबंद किया गया।
किस आरोपी से क्या बरामद
- जावेद उर्फ अमित : प्रतिबंधित दवाइयां और वनप्लस मोबाइल, कुल कीमत 9,606 रुपए
- रूपेश मेश्राम : स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन कैप्सूल और रियलमी मोबाइल, कुल कीमत 7,148 रुपए
- अमित श्रीवास्तव : डेक्सोना टैबलेट, कुल कीमत 326 रुपए
- गुलाब भौते : प्रतिबंधित दवाइयां और वीवो मोबाइल, कुल कीमत 6,646 रुपए
- मंगल सारथी : नशीली दवाइयां और सैमसंग मोबाइल, कुल कीमत 13,525 रुपए
- महादेव साहू : रेक्सकॉफ डीएक्स कफ सिरप और मोबाइल, कुल कीमत 9,062 रुपए
- कुल जब्ती : 46,313 रुपए
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ अपराध
आरोपियों के पास से बरामद प्रतिबंधित दवाइयों के संबंध में कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद सभी छह आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत केस दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पाटन में पत्रकार के घर चोरी
पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाहीपार चंडी मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 7 से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने पत्रकार संदीप मिश्रा के सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी सहित सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित पत्रकार संदीप मिश्रा 16 दिसंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे अपने पूरे परिवार के साथ महाराष्ट्र के गोंदिया में एक पारिवारिक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर सूना होने की जानकारी मिलते ही चोरों ने मौके का फायदा उठाया।
लौटने पर टूटा मिला ताला, सामान बिखरा पड़ा था
परिवार 17 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे जब वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था, आलमारी खुली हुई थी और उसका लॉकर पूरी तरह से टूटा हुआ था। इसके बाद तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी गई और पुलिस को फोन किया गया।
सोना-चांदी के जेवरात और नगदी ले उड़े चोर
चोर सोने की 3 जेंट्स अंगूठियां, 2 लेडीज अंगूठियां, 3 सोने के लॉकेट, मंगलसूत्र, चैन, कंगन, कान के टॉप्स, बालियां और नाक की लौंग ले गए। इसके अलावा चांदी की 5 जोड़ी पायल, बाजूबंद, बिछिया, गणेश-लक्ष्मी अंकित 30 चांदी के सिक्के, पूजा में उपयोग होने वाली चांदी की मूर्तियां, त्रिशूल, शिवलिंग सहित अन्य सामग्री भी चोरी हो गई।
चोर 40 हजार रुपए नगद भी ले गए। हैरानी की बात यह है कि चोर जेवरातों के बिल भी अपने साथ ले गए।
करीब 98 हजार रुपए की चोरी का अनुमान
पीड़ित ने बताया कि चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 98 हजार रुपए आंकी गई है। घटना की जानकारी पत्नी मंजू मिश्रा सहित पड़ोसियों को दी गई। परिवार की सलाह के बाद 18 दिसंबर को पाटन थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके।
<
