![]()
.
सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर की ग्राम पंचायत पतरापारा में लगभग 44 एकड़ गोचर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला फिर से गरमा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुशासन तिहार में दिए आवेदन के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज होकर उन्होंने एक बार फिर उदयपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
मामला ग्राम पंचायत उदयपुर अंतर्गत पतरापारा की खसरा नंबर 29/1 (6.318 हे.) और 504 (11.521 हे.) गोचर भूमि से जुड़ा है, जिस पर ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण कर मकान तक बना लिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस सार्वजनिक चरनोई भूमि से बेजा-कब्जा तत्काल हटाया जाए, ताकि पशुधन के लिए सुरक्षित जगह बनी रह सके। ज्ञापन सौंपने वालों में आदित्य सिंह, इसबल सिंह उईके, अमीरसाय, दिलबोध सिंह, पंचांग सिंह, संतराम, धर्मेश सिंह, हरिबिलस, फूलासो सिंह, बॉबी सिंह, अनिला सिंह, बिजेश्वरी सिंह समेत ग्रामीण शामिल रहे।
आवेदन मेरे पास नहीं: गुप्ता हल्का पटवारी संतोष गुप्ता का कहना है कि मैं 7-8 महीने से यहां पदस्थ हूं। सुशासन तिहार में दिए आवेदन मेरे पास नहीं पहुंचे। दोनों प्लॉट गोचर मद की भूमि हैं। शिकायत आई है, अब जांच की जाएगी।
<
