बलरामपुर पुलिस ने दहेजवार जंगल में जुआ खेलते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12 मोटरसाइकिलें और नकदी बरामद की है।
.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6,525 रुपए नकद और 12 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3.64 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दहेजवार जंगल में कुछ लोग सोलर लाइट की रोशनी में ताश के 52 पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक राधे श्याम विश्वकर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और तत्काल दबिश दी गई।

मौके से चार जुआरी पकड़ाए
घेराबंदी के दौरान चार जुआरियों को मौके से पकड़ा गया। हालांकि, कुछ अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय गुप्ता (38, निवासी दहेजवार), टी. एन. सिंह (35, निवासी बदकीमहरी), मनऊवर अंसारी (40, निवासी वार्ड क्रमांक 14, बलरामपुर) और राणा प्रताप (28, निवासी बदकीमहरी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फरार जुआरियों की तलाश जारी है और उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
<
