.
पथरिया क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए तैयार करने के लिए ‘जी लो जिंदगी जी भर के’ टीचर्स टीम द्वारा निःशुल्क विकासखंड स्तरीय नवोदय मॉक टेस्ट 2025 का आयोजन किया गया। इस मॉक टेस्ट में पूरे पथरिया क्षेत्र के 314 बच्चों ने भाग लेकर अपनी तैयारी का आकलन किया।
मुख्य अतिथि, जिला पंचायत मुंगेली की सभापति अनिला देवेंद्र राजपूत ने कहा कि, विद्यार्थियों की मेहनत, परीक्षा-तैयारी, अनुशासन व शिक्षकों द्वारा किए जा रहे निःस्वार्थ प्रयास पथरिया क्षेत्र के बच्चों के लिए अनुकरणीय कार्य है। रघु वैष्णव ने कहा कि इस प्रकार के मॉक टेस्ट ग्रामीण प्रतिभाओं को नवोदय मुख्य परीक्षा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एलपी डाहीरे ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक शिक्षक मोहिन्दर सिंह वर्मा ने बताया कि यह मॉक टेस्ट पूरे क्षेत्र के बच्चों की तैयारी परखने के लिए आयोजित किया गया।
समिति अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि यह आयोजन पिछले पांच सालों से शिक्षकों द्वारा स्वयं के खर्च से स्वस्फूर्त होकर कराया जा रहा है। समिति सचिव ईश्वर जायसवाल ने बताया कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह पूरा आयोजन निःशुल्क रखा गया है। सह संयोजक विश्वनाथ राजपूत ने बताया कि इस आयोजन में पथरिया के 40 केंद्रों से टॉप करने वाले बच्चों को विकासखंड स्तर पर परीक्षा दिलाने का अवसर प्राप्त होता है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त हो चुके पूर्व बीईओ पी.एस. बेदी और रामसिंह राजपूत को शॉल, श्रीफल व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि मॉक टेस्ट से विद्यार्थियों के ज्ञान-स्तर, आत्मविश्वास और परीक्षा में समय-प्रबंधन की दक्षता विकसित होती है।
उन्होंने शिक्षकों की टीम की पहल को सराहते हुए इसे विकासखंड के लिए प्रेरक मॉडल बताया। कार्यक्रम की सफलता में दीपक साहू (पार्षद), बलराम जायसवाल (महामंत्री, भाजपा मंडल पथरिया), शंकर राजपूत (सरपंच धूमा) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिवनारायण राजपूत, तिहारुराम साहू, शिक्षक जितेंद्र गेंदले ने से सहयोग किया।
<
