भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा सर्वसुविधायुक्त सियान सदन भवन का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर पेंशनर अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठजन और नगर पालिका के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान एवं सुविधा के लिए नगर पालिका लगातार कार्य कर रही है। सियान सदन केवल भवन नहीं बल्कि वरिष्ठजनों के लिए आत्मीयता और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बनेगा। यहां वे बैठक, सांस्कृतिक गतिविधियों और मनोरंजन कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि वरिष्ठजनों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 30 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की है। भवन में बैडमिंटन कोर्ट, लाइब्रेरी, हॉल, शतरंज सहित अन्य मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को घर से लाने और वापस छोड़ने के लिए बैटरी चालित ऑटो की भी व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आवश्यक कार्यवश शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने दूरभाष के माध्यम से वरिष्ठजनों को संबोधित किया। प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुविधाओं के लिए प्रतिबद्ध है तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षदगण, पेंशनर अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
<
