कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर धोखाधड़ी कर शासन को 5 लाख 17 हजार 773 रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
.
यह मामला ग्राम मयाना के ग्रामीणों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, चारामा को दी गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में ग्राम पंचायत मयाना में शासकीय भूमि पर अवैध पट्टा वितरण का आरोप लगाया गया था। जांच में पाया गया कि आरोपी जीवन ठाकुर और अन्य ने धोखाधड़ी से वन अधिकार मान्यता पत्र बनवाए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना चारामा में अपराध क्रमांक 123/25 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
पुलिस ने जांच के बाद चारामा थाने में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज बनाने की धाराओं में मामला दर्ज किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम मयाना, थाना चारामा, जिला कांकेर निवासी जीवन ठाकुर (पिता रामदयाल, उम्र 49 वर्ष), शोप सिंह (पिता शिव प्रसाद, उम्र 60 वर्ष) और नीरज कुमार पोया (पिता जीवन, उम्र 23 वर्ष) शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चारामा निरीक्षक तेज वर्मा, उपनिरीक्षक रनेश सेठिया, सहायक उपनिरीक्षक भकेश पटेल, आरक्षक अनिल जैन और जितेंद्र नाग सहित थाना चारामा का स्टाफ शामिल रहा।
<
