भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और अनूठी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के कड़े निर्देश पर राजस्व, खनिज और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम नवापारा में दबिश दी। यहां न केवल गाड़ियां जब्त की गईं, बल्कि माफिया द्वारा चोरी के इरादे से डंप की गई 200 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवा दिया गया। खनिज विभाग को सूचना मिली थी कि नवापारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया गया है। जब टीम मौके पर पहुंची, तो नदी किनारे रेत के बड़े-बड़े ढेर मिले। प्रशासन ने माफिया के मंसूबों पर पानी फेरते हुए भंडारण की गई पूरी रेत (लगभग 200 ट्रैक्टर) को वापस उसी जगह फिंकवा दिया जहां से उसे निकाला गया था। कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में लगे 02 हाइवा वाहनों को भी टीम ने रंगे हाथों पकड़ा। इन वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस लाइन भेज दिया गया है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि इन पर खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले की संपदा की चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
<
