- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Bilaspur
- Bilaasapur Mein Din Mein Avaidh Utkhanan, Raat Mein Parivahan, Vidaio Khanij Vibhaag Ka Daava avaidh Khanij Utkhanan Par Sakhtee, 2 Haeeva, 1 Chain Maunten Samet 6 Vaahan Jabt
बिलासपुर20 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिलासपुर जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से चल रहा है। शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में अवैध उत्खनन और परिवहन का वीडियो भी सामने आया है। दूसरी तरफ वीडियो वायरल होने के बाद खनिज विभाग ने दो हाईवा, एक चैन माउंटेन समेत 6 वाहन को जब्त किया है। दावा किया है कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, शहर से लगे सेंदरी, लोफंदी, कछार, बैमा, पेंडरवा, मोपका, कोनी, सरवन देवरी क्षेत्र सहित कई घाटों पर भारी मशीनों और ट्रैक्टरों के जरिए नियमों को ताक पर रखकर अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
हालात यह है कि प्रतिस्पर्धा के चलते घाट पर ही ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत हो जाती है, तो कभी प्रशासनिक अधिकारियों को घेरने जैसी घटनाएं सामने आती हैं। वहीं, तेज रफ्तार से दौड़ते खनन वाहनों के कारण ग्रामीण लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीण इलाकों में अवैध उत्खनन और परिवहन का वीडियो भी सामने आया है
अवैध उत्खनन और परिवहन का वीडियो आया सामने
स्थानीय लोगों ने खुलेआम अवैध उत्खनन और परिवहन का वीडियो भी बनाया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में अवैध उत्खन और परिवहन करते दिखाया गया है। साथ ही आरोप लगाया है कि खनिज माफियाओं ने मुरुम निकालने के लिए गांव में बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए हैं।
वहीं, नदी में जेसीबी, पोकलेन जैसी मशीन उतारकर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। आरोप है कि दिन में खनन और रात में परिवहन का खेल चल रहा है।
ट्रैक्टर और हाईवा से सड़कें हो गई बदहाल
लोगों का कहना है कि, अवैध खनन के चलते न केवल पर्यावरण और राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि गांवों की सड़कों की हालत भी बदतर हो गई है। परिवहन में प्रतिस्पर्धा के चलते ट्रैक्टर और हाईवा गांव में तेज रफ्तार से चल रहा है, जिसके चलते सड़कों की हालत खराब हो रही है।
जिला प्रशासन को कई शिकायतों के बावजूद न तो कोई सख्ती दिखाई दे रही है और न ही कोई प्रभावी रोकथाम की कार्रवाई।
खनिज विभाग का दावा, लगातार की जा रही कार्रवाई
वहीं, खनिज विभाग के अफसरों का दावा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच राजस्व एवं खनिज विभाग ने संयुक्त रुप से टीम बनाकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान तखतपुर, काठाकोनी, भरनी, चोरभट्ठी, गनियारी, नेवरा, टांडा, अमने, मंगला और धुरिपारा क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।


दो हाईवा, एक चैन माउंटेन समेत 6 गाड़ियां जब्त
जिला खनिज अधिकारी केके गोलघाटे ने बताया कि, जांच के दौरान टीम जब ग्राम नेवरा पहुंची, तब पता चला कि यहां चैन माउंटेन लगाकर मुरुम का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। इस पर टीम ने चैन माउंटेन मशीन और 2 हाईवा समेत 6 गाड़ियों को जब्त किया गया है।
वहीं, तखतपुर क्षेत्र से मुरुम का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली, मंगला-धुरिपारा क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इस प्रकार कुल 6 वाहनों को जब्त कर थाना सकरी, कोटा और कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है।
वहीं चैन माउंटेन मशीन को यथास्थान सीलबंद किया गया है। खनिज विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग की संयुक्त रूप से ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



<
