छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन शुरू होते ही अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की पैनी नजर लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अवैध रूप से लाए जा रहे कुल 06 पिकअप वाहनों को पकड़ा है।
.
इन वाहनों से 380 बोरी यानी 152 क्विंटल धान जब्त किया गया है। जब्त धान की बाजार कीमत लगभग 3 लाख 49 हजार 600 रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के बाद धान और वाहनों को नियमानुसार जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।



मुखबिर सूचना पर 6 पिकअप रोके गए, अवैध धान जब्त
जानकारी के अनुसार, 7 दिसंबर 2025 की देर रात लगभग 1 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि ग्राम जरिया के सिकटा टोली के ग्रामीण रास्ते से अवैध रूप से भारी मात्रा में धान लाया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही तत्काल टीम गठित कर ग्रामीण मार्ग पर नाकेबंदी की गई। थोड़ी ही देर में संदिग्ध रूप से आती 06 पिकअप पुलिस की नजर में आईं, जिन्हें घेराबंदी कर रोका गया।
जब्त किए गए वाहनों के नंबर इस प्रकार हैं: JH 07-M -1257, CG 13-AV-3667, JH 01-FP-6134, JH 07-L-6611, JH 01-FF-3141 और CG 13-AN-1262।

जशपुर में अवैध धान ले जा रहे 6 वाहनों की तलाशी
वाहनों को रोककर पूछताछ करने पर चालकों ने अपना नाम दिनेश साय (उम्र 23 वर्ष, निवासी छोटा कुरंजा), विजय प्रजापति (उम्र 28 वर्ष, निवासी सन्ना), रूपेश कुमार (उम्र 25 वर्ष, निवासी जशपुर), राकेश राम (उम्र 31 वर्ष, निवासी पुराना नगर), सोनू कुमार (उम्र 21 वर्ष, निवासी पुराना नगर) और दिनेश भगत (उम्र 23 वर्ष, निवासी घोलेंग) बताया।
वाहनों की तलाशी के दौरान धान की बोरियां इस प्रकार लोड मिलीं: JH 07-M -1257 में 70 बोरी, CG 13-AV -3667 में 65 बोरी, JH 01-FP -6134 में 60 बोरी, JH 07-L -6611 में 57 बोरी, JH 01-FF -3141 में 65 बोरी और CG 13-AN -1262 में 63 बोरी धान पाया गया।

अब तक 20 वाहनों से कुल 1084 क्विंटल अवैध धान जब्त
पुलिस की पूछताछ में चालकों ने बताया कि धान झारखंड के ग्राम जारी से जशपुर लाया जा रहा था, लेकिन उनके पास धान ले जाने के लिए कोई वैध कागजात नहीं थे। इसके आधार पर पुलिस ने सभी वाहनों और धान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन को सौंप दी।
अब तक पुलिस ने 4 ट्रक और 16 पिकअप से कुल 1084 क्विंटल अवैध धान जब्त करके प्रशासन को सौंपा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अवैध धान आने से रोकने के लिए जशपुर पुलिस लगातार नजर रख रही है। झारखंड से अवैध तरीके से धान ला रहे 6 पिकअप से कुल 152 क्विंटल धान जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आगे भी अवैध धान के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
<
