![]()
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में बेमेतरा जिले की छात्रा ओमनी वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय की छात्रा ओमनी वर्मा ने कॉमर्स संकाय में 98.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। ओमनी वर्मा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने 10वीं कक्षा में 82 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। 11वीं में उन्होंने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। ओमनी वर्मा ने हासिल किया प्रदेश में दूसरा स्थान अब 12वीं बोर्ड परीक्षा में उन्होंने 98.2 प्रतिशत अंक लाकर बेमेतरा जिले में टॉप किया है और पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। ओमनी वर्मा एक साधारण और मध्यमवर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता कमोद वर्मा खेती का काम करते हैं और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी माता उतरा वर्मा गृहिणी हैं और खेती-किसानी में भी परिवार की मदद करती हैं। सीमित साधनों के बावजूद ओमनी ने अपनी मेहनत और लगातार पढ़ाई करके यह बड़ी सफलता हासिल की है। रिजल्ट आने के बाद स्कूल में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षक, शिक्षिकाएं, परिवार के लोग और आसपास के लोग उन्हें लगातार बधाई देने आ रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने भी उनकी इस सफलता पर खुशी जताई है और इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया है। ओमनी वर्मा की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे बेमेतरा जिले का नाम प्रदेश में रोशन हुआ है।
<
