भास्कर न्यूज |बालोद ब्लॉक मुख्यालय गुंडरदेही में लगभग 100 साल पुराने प्रतिबंधित अर्जुन वृक्षों की कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि यह अनुमति एसडीएम कार्यालय से दी गई है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी और सवाल उठने लगे हैं। राजस्व और वन विभाग कार्यालय से लगभग 500 मीटर दूरी पर स्थित मुख्य मार्ग किनारे इस विशाल वृक्ष की कटाई और आसपास लगभग 2 एकड़ भूमि पर मिट्टी समतलीकरण का कार्य किया जा रहा है। इससे आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में किसी बड़े निर्माण या प्लॉटिंग की तैयारी चल रही है। ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जहां एक ओर एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियान चलाकर पौधरोपण और संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इतने पुराने पेड़ की कटाई को अनुमति मिलना विरोधाभासी है। इस संबंध में तहसीलदार कोमल कुमार ध्रुव ने बताया कि पेड़ कटाई की अनुमति एसडीएम कार्यालय से प्रक्रिया के तहत दी गई है।
<
