![]()
बलौदाबाजार में मातर पर्व के अवसर पर एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट करने वाले 10 आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार रात नशे में धुत दस युवकों ने वारदात को अंजाम दिया था। मामला पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधोरा का है।
.
दरअसल, पीड़ित परिवार के मुखिया कन्हैया यादव (54) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गांव के सूरज जांगड़े उर्फ सत्ती ने अपने नौ साथियों के साथ नशे की हालत में उनके घर में जबरन घुसकर हमला किया।
घर की महिलाओं को भी नहीं बख्शा
जब परिवार के सदस्यों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने घर की महिलाओं को गाली-गलौज करते हुए उन पर हाथ उठाया। कन्हैया यादव की माँ रेवती बाई यादव, पत्नी सरोजनी बाई यादव, बहन मिली यादव और बेटे देवदत्त यादव को निशाना बनाया गया।
भीड़ देख मौके से भागे आरोपी
उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इस हमले में परिवार के सभी सदस्यों को चोटें आई हैं। हमले के दौरान हुए शोर को सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा होने लगे। भीड़ को अपनी ओर आता देख सभी दस आरोपी मौके से फरार हो गए।
न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल
कन्हैया यादव की शिकायत पर पलारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूरज जांगड़े, विष्णु घृतलहरे, यशवंत घृतलहरे, युवराज घृतलहरे, धीरज रात्रे, मयंक, तिलक घृतलहरे और विक्रम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 452, 294, 506, 323 और 34 दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
<
