भास्कर न्यूज | कलंगपुर धमतरी-गुंडरदेही मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार रेत से भरे हाईवा वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे गुरुर ब्लॉक के अंतिम छोर स्थित ग्राम पिकरीपार बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पार कर रहे 7 वर्षीय मासूम नागेश्वर कुमार साहू को जोरदार टक्कर मार दी। बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मासूम बालक ग्राम कुम्हली का निवासी बताया जा रहा है। घटना से आक्रोशित ग्राम पिकरीपार एवं ग्राम कुम्हली के सैकड़ों ग्रामीणों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई, साथ ही मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। चक्काजाम के कारण धमतरी-गुंडरदेही मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन ठप हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लगभग 8 घंटे बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और मार्ग बहाल किया गया। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही हाईवा दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त नियंत्रण और नियमित कार्रवाई की मांग की है।
<
