हाईकोर्ट की सुरक्षा में लगे फायर-फाइटर्स की छंटनी:मजदूरों ने सुरक्षा और श्रम-कानून पर उठाए सवाल, कहा-जरूरत 28 की,8 लोगों के भरोसे चल रहा काम

![]()
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की फायर सेफ्टी व्यवस्था में कार्यरत फायर फाइटर्स की छटनी की जा रही है, जिससे दर्जनों कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। वर्षों से सेवा दे रहे कर्मियों का आरोप है कि, नए ठेकेदार ने बिना किसी पूर्व सूचना के उन्हें काम से हटा दिया। कर्मचारियों का यह भी दावा है कि निर्धारित संख्या से कम फायर फाइटरों से काम कराया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, चकरभाठा क्षेत्र के धमनी, कड़ार, सेंवार और हिरी समेत आसपास के गांवों के कई युवक पिछले 3 से 13 वर्षों से हाईकोर्ट में फायर फाइटर के रूप में कार्यरत थे। सभी अलग-अलग शिफ्ट पर लगन और मेहनत के साथ काम कर रहे थे। इस बीच फायर सेफ्टी सिस्टम की व्यवस्था संभाल रहे ठेकेदार का कार्यकाल खत्म हो गया, जिसके बाद नए ठेकेदार को काम मिल गया। ठेका बदलते ही पुराने कर्मियों की छंटनी बताया जा रहा है कि, ठेके का काम अब दूसरे ठेकेदार को मिल गया है। लिहाजा, ठेकेदार बदलने के बाद कई कर्मचारियों को अचानक हटा दिया गया। उनका कहना है कि अनुबंध के अनुसार कुशल और अकुशल मिलाकर 28 फायर फाइटर होने चाहिए। जबकि पहले 16 कर्मचारियों से काम लिया गया और बाद में उनमें से भी आठ को हटा दिया गया। फिलहाल, तीन शिफ्टों में केवल आठ कर्मचारियों से काम कराए जाने का आरोप लगाया गया है। कलेक्टर दर से मजदूरी नहीं, कंपनी का पंजीयन खत्म फायर फाइटर्स ने आरोप लगाया कि, उन्हें कलेक्टर दर के अनुसार मजदूरी नहीं दी जाती। वेतन 8 से 10 हजार रुपए प्रतिमाह तक सीमित है। साथ ही ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा भी नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिससे ड्यूटी के दौरान जोखिम बढ़ जाता है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि, कार्य कर रही कंपनी का पंजीकरण 25 मई 2026 को निरस्त हो चुका है, इसके बावजूद उसी कंपनी से काम लिया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की जांच और श्रम नियमों के पालन की मांग की है। एसडीओ ने कहा- यह ठेकेदार का अधिकार है लोक निर्माण विभाग के एसडीओ बिंद्रा प्रसाद ने कर्मचारियों के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट में अनुबंध के अनुसार 28 कर्मचारी कार्यरत हैं। उनके अनुसार किस कर्मचारी को रखना या हटाना ठेकेदार का अधिकार है, जबकि विभाग का दायित्व केवल अनुबंधित कार्य की निगरानी करना है। इसमें विभाग और अफसर कुछ नहीं कर सकते।
Source link




