हरेली पर औजारों की पूजा, गेड़ी चढ़ने का उत्साह

गोधना| ग्राम पंचायत गोधना में हरेली त्योहार मनाया गया। ग्रामीणों ने घरों में खेती-किसानी के काम आने वाले औजारों की पूजा की। सुख-समृद्धि की कामना की। अच्छी फसल की दुआ मांगी। हरेली पर नागर, हल, कुदाली, गैती, फावड़ा समेत दूसरे कृषि औजारों की साफ-सफाई की गई। फिर विधि-विधान से पूजा हुई। पूजा के बाद घर में बने गुड़ के चीला, रोटी समेत पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि यह पर्व धार्मिक आस्था का दिन है। गांव में बांस की गेड़ी पर चढ़ने की परंपरा भी दिखी। बच्चों और युवाओं में जोश रहा। ग्राम पंचायत गोधना के गणेश मोहल्ला निवासी छेदी लाल साहू ने बताया कि हरेली का दिन किसानों के लिए खास होता है। इस दिन खेती-किसानी के काम रोक दिए जाते हैं। कृषि औजारों की पूजा की जाती है। नागर, गैती, फावड़ा समेत उपकरण साफ कर घर लाए जाते हैं। फिर पूजा-अर्चना होती है।
Source link




