- Hindi News
- Local
- Chhattisgarh
- Raipur
- The 7 year old Building Remained Closed For Five Years, The Cooling System Worth 2.5 Crores Failed, 5,000 People Including 2,000 Officers And Employees Were Troubled Daily.
रायपुर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ऐसे 18 कूलर खरीदे गए हैं आनन फानन में लेकिन राहत नहीं।
नवा रायपुर स्थित स्वास्थ्य विभाग की बहुमंजिला इमारत बाहर से भले आधुनिक दिखती है, लेकिन अंदर हाल कुछ और है। चार मंजिला स्वास्थ्य भवन में पिछले करीब दो साल से एयरकूल्ड सिस्टम लगभग फेल है। नतीजा यह है कि कुछ कमरों को छोड़ पूरी बिल्डिंग भीषण गर्मी में तप रही है। गलियारे में बैठना मुश्किल हो रहा है।
अफसरों के कमरे में लगे एसी की वायरिंग भी ऐसी है कि किसी एक कमरे के एसी में तकनीकी समस्या आने पर उसके ठीक नीचे और ऊपर वाले कमरे के सारे एसी भी बंद हो जाते हैं। इमरजेंसी में 18 बड़े एसी खरीदे गए हैं, लेकिन उनसे भी कुछ हिस्से में ही राहत मिल रही है। यह हाल ऐसे समय में सामने आया है जब इंद्रावती भवन में मेंटेनेंस और सुविधाओं को लेकर सवाल पहले से उठ रहे हैं। पड़ताल में पता चला है कि करीब सात साल पहले 2018 में यह बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसमें करीब ढाई साल पहले ही शिफ्ट हुआ। यानी इमारत करीब पांच साल तक लगभग बंद रही।
इसी दौरान यहां लगे एयरकूल्ड सिस्टम और एसी से जुड़े उपकरणों की वारंटी अवधि भी खत्म हो गई। अब जब विभाग यहां पूरी तरह काम कर रहा है तो सुविधाओं की असली स्थिति सामने आ रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लंबे समय तक यह मानते रहे कि बिल्डिंग का मेंटेनेंस नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी करेगी। विभाग की ओर से पत्राचार भी होता रहा, लेकिन बाद में अथॉरिटी ने लिखित रूप से स्पष्ट कर दिया कि वह इसका मेंटेनेंस नहीं करेगी। इसके बाद व्यवस्था अधर में लटक गई। हालात ऐसे हो गए कि इसी महीने राहत के लिए 18 बड़े कूलर खरीदे गए।
हर पखवाड़े लिफ्ट बंद, चौथे फ्लोर पर पहुंचना मुश्किल
स्वास्थ्य भवन में सिर्फ एयरकूल्ड सिस्टम ही परेशानी नहीं है। कर्मचारियों के मुताबिक हर 10 से 12 दिन में किसी न किसी लिफ्ट के बंद होने की शिकायत सामने आती है। चार मंजिला इमारत में एक लिफ्ट खराब हुई नहीं कि लोगों की आवाजाही प्रभावित होने लगती है। बारिश के दिनों में भी लिफ्ट अलग तरह की समस्या में घिर जाती है। तेज बारिश होने पर लिफ्ट के निचले हिस्से में पानी भर जाता है। इससे पूरी वायरिंग शार्ट हो जाती है।
हर फ्लोर पर लगाए चार एयर कूलर
चार फ्लोर की बिल्डिंग के हर गलियारे में दो-दो कूलर लगाए गए हैं और हर हॉल में एक-एक कूलर रखा गया है। लेकिन इसके बाद भी गलियारों में गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही। भवन के एक कक्ष में बैठे एक अफसर गर्मी और उमस से परेशान दिखे। कमरे में बैठे-बैठे उन्होंने राहत पाने के लिए अपनी कमीज के ऊपर की एक बटन तक खोल रखी थी। कमरे में मौजूद हवा और वातावरण बता रहा था कि सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, अफसर भी इस व्यवस्था से परेशान हैं।
वॉशरूम में जाम से उठती है दुर्गंध
स्वास्थ्य भवन के हर फ्लोर पर वॉशरूम तो है लेकिन उसमें पानी निकासी का सिस्टम ठीक नहीं है। इस वजह से गंदा पानी जमा रहता है। इससे वॉशरूम के सामने से गुजरते समय दुर्गंध आती है। पूरी बिल्डिंग करीब 5 साल बंद रही। इस दौरान यहां चूहों ने घुसपैठ कर ली। उनसे निपटना भी बड़ी समस्या हो गया है। चूहे अक्सर वायरिंग काट देते हैं। इस वजह से कई बार ऑफिस का ऑनलाइन सिस्टम ठप हो जाता है।
सीधी बात
डा. अजय कन्नौजे, डिप्टी डायरेक्टर
दो बार सर्वे हो गया, मेंटेनेंस का ठेका देंगे
नई बिल्डिंग गर्मी में तप रही, क्यों? – मैंने अभी चार्ज लिया है। समस्या दूर कर रहे।
पर ये स्थिति क्यों पैदा हुई – बिल्डिंग 5 साल बंद रही। मेंटेनेंस नहीं हुआ।
अब कैसे करेंगे, स्थिति कब सुधरेगी – कंपनियों ने सर्वे कर हाथ खड़े कर दिए। खर्च ज्यादा आएगा।
तो अब क्या करेंगे। – 30 लाख का टेंडर निकाल रहे हैं।

<
