टॉप न्यूज़

स्मार्ट मीटर को कांग्रेस ने नाम दिया-महतारी वंदन वसूली मीटर:सड़क पर स्मार्ट मीटर लेकर विकास उपाध्याय ने किया प्रदर्शन




कांग्रेस ने आज फिर स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने स्मार्ट मीटर को ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1000 रुपए दे रही है, लेकिन बढ़े हुए बिजली बिलों के जरिए उससे कई गुना ज्यादा वसूली की जा रही है। विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली दरों के खिलाफ अभियान चल रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भी भरवा रहे हैं। उपाध्याय ने कहा कि पहले जिन परिवारों का बिजली बिल 1000 से 1500 रुपए आता था, स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिल पांच से सात गुना तक बढ़ गए हैं। इससे मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों का मासिक बजट बिगड़ गया है। कई लोगों को बिजली बिल चुकाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है और उस पर ब्याज का अतिरिक्त बोझ भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन के मामले में सरप्लस राज्य होने के बावजूद लोगों को महंगी बिजली मिल रही है। कांग्रेस का कहना है कि पहले बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी, लेकिन अब बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की वजह से आम उपभोक्ता परेशान हैं। कांग्रेस ने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने, पहले से लगे स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button