![]()
सूरजपुर जिले में विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन निर्धारित तिथि 8 मई के बजाय एक दिन पहले 7 मई को किया गया। इस आयोजन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष को 8 मई को रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होना था, जिसके कारण जिले में कार्यक्रम की तिथि बदल दी गई। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। जानकारों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाए जाने वाले दिवस की तिथि में बदलाव से उसकी प्रासंगिकता पर असर पड़ता है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय दिवस को उसकी निर्धारित तिथि पर ही मनाया जाना चाहिए। प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण तिथि में बदलाव करना परंपरा और औपचारिकता दोनों पर सवाल खड़े करता है। इसके अतिरिक्त, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रेड क्रॉस कार्यक्रम में सूरजपुर जिले की उपेक्षा भी सामने आई है। जहां प्रदेश के अन्य जिलों से स्कूली छात्र-छात्राएं, रेड क्रॉस पदाधिकारी और स्वयंसेवक शामिल हुए, वहीं सूरजपुर जिले से न तो स्कूली बच्चे और न ही कोई अन्य पदाधिकारी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले पाए। सूरजपुर में स्कूलों तक समय पर नहीं पहुंची सूचना जानकारी के अनुसार राज्य स्तर से कार्यक्रम को लेकर पूर्व में बाकायदा पत्र जारी किया गया था, जिसमें जिलों से प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद सूरजपुर जिले में संबंधित स्कूलों, जूनियर रेड क्रॉस इकाइयों और अन्य पदाधिकारियों को समय पर सूचना नहीं दिए जाने की बात सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक कई जिम्मेदार लोगों को यह तक जानकारी नहीं दी गई कि उन्हें रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना है। परिणामस्वरूप जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय आयोजन में नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि अन्य जिलों से छात्र-छात्राएं और रेड क्रॉस से जुड़े प्रतिनिधि बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उन्हें सम्मानित भी किया गया और विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिला। वहीं सूरजपुर के छात्र इस अवसर से वंचित रह गए। स्थानीय स्तर पर इसे प्रशासनिक लापरवाही माना जा रहा है। सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
<
