![]()
सूरजपुर के बिश्रामपुर स्थित एसईसीएल क्षेत्र की आरटीआई कॉलोनी में अघोषित बिजली कटौती से परेशान महिलाएं शुक्रवार को एसईसीएल महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने तत्काल विद्युत व्यवस्था सुचारू करने और बरसात से पहले नालियों की सफाई कराने की मांग करते हुए एक आवेदन सौंपा। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती जारी है, जिससे आरटीआई कॉलोनी के निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आज सुबह करीब 11 बजे दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचीं। 8 घंटे लाइट बंद रहने से परशान हैं लोग महिलाओं का आरोप है कि दिन में 8-8 घंटे तक बिजली गुल रहती है। प्रबंधन किसी अन्य कॉलोनी का नाम बताकर आरटीआई कॉलोनी की बिजली काट देता है। इस भीषण गर्मी में खाना बनाना, पानी भरना और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बरसात में नालियों का गंदा पानी घरों में घुसता है महिलाओं ने नाली की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि बरसात में नालियों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है, लेकिन अब तक सफाई नहीं कराई गई है। उन्होंने मानसून से पहले सभी नालियों की सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। महिलाओं ने जीएम कार्यालय का घेराव की चेतावनी दी महाप्रबंधक कार्यालय में आवेदन देने के बाद महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते बिजली और नाली की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। फिलहाल, महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से महिलाओं को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
<
