![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 खाईवालों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बर्तन दुकान की आड़ में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और कैश जब्त कर मामला दर्ज किया है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान दुकान के अंदर गेरवानी निवासी श्याम कुमार अग्रवाल (43) और कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी सुरेश अग्रवाल (42) मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित करते मिले। मोबाइल और 18 हजार से ज्यादा कैश बरामद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने श्याम कुमार अग्रवाल के पास से 3 मोबाइल फोन और 17 हजार रुपए कैश जब्त किए। वहीं सुरेश अग्रवाल के कब्जे से 1 मोबाइल फोन और 1400 रुपए बरामद किए गए। बारकोड पेमेंट से लेते थे सट्टे की रकम पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड पेमेंट सिस्टम के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि सट्टे से मिली रकम ग्राम गेरवानी निवासी मुख्य खाईवाल रामफल अग्रवाल को नगद और डिजिटल भुगतान के जरिए पहुंचाई जाती थी। मुख्य आरोपी मौके से फरार पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मुख्य आरोपी रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। SSP बोले- जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान जारी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ-सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप या अन्य माध्यमों से अवैध सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
<
