![]()
छत्तीसगढ़ कांग्रेस में टीएस सिंहदेव और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बीच चल रही बयानबाजी के बीच अब दोनों नेताओं की फोन पर बातचीत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों नेताओं के बीच हालिया बयानों को लेकर चर्चा होती दिख रही है। वीडियो में टीएस सिंहदेव हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान वे कहते सुनाई दे रहे हैं, “कोई बात नहीं, लगा रहता है। मीडिया वाले मेरे पास बैठे थे तो मैंने भी कहा कि दीपक बैज खूब मेहनत करें, प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें, शुभकामनाएं हैं। अपना काम करते रहना है, कल को क्या होगा किसे पता, मजा लेते रहना चाहिए।” इस दौरान दोनों नेताओं के बीच माहौल सहज नजर आया। हालांकि, बयानबाजी को लेकर सियासी चर्चाएं अभी भी जारी हैं। ऊपर कुछ खिचड़ी पक रही है- भाजपा कांग्रेस के भीतर चल रही इस खींचतान पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई अब सार्वजनिक मंचों तक पहुंच गई है। नेताम ने कहा कि, सिंहदेव को प्रदेश के नेता पचा नहीं पा रहे हैं और सिंहदेव भी कुछ नेताओं को नहीं पचा पा रहे। इस तरह की बयानबाजी अचानक नहीं होती। ऊपर भी कुछ न कुछ खिचड़ी पक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस समय-समय पर टीएस सिंहदेव का अपमान करती रही है। पिछली सरकार बनाने में उनकी बड़ी भूमिका थी, लेकिन पार्टी ने सिर्फ इस्तेमाल किया। कांग्रेस यूज एंड थ्रो की राजनीति करती रही है। जानिए क्या है पूरा मामला दरअसल, हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बयान दिया था कि बाबा साहब बड़े नेता हैं, उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए। प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए। बैज के बयान पर पलटवार करते हुए सिंहदेव ने कहा था कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं और छत्तीसगढ़ में ही काम करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि हर कांग्रेसी की पहली जिम्मेदारी अपने संगठन और क्षेत्र को मजबूत करना है। “मैं अभी भी सक्रिय हूं” टीएस सिंहदेव ने कहा था कि वे लगातार प्रदेशभर में लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इशारों में दीपक बैज को नसीहत देते हुए कहा था कि बड़े नेताओं की बात हो रही है तो यह भी देखना चाहिए कि कौन चुनाव जीता और कौन हारा। उन्होंने कहा था कि वे खुद चुनाव हारे हैं, लेकिन बैज भी चुनाव हार चुके हैं और कांग्रेस अपने कई क्षेत्रों में कमजोर हुई है।
<
