भास्कर न्यूज| कवर्धा ऊर्जा संरक्षण व पर्यावरण सुरक्षा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल शुरू की है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने पीएम नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा बचत व पर्यावरण संरक्षण संबंधी आह्वान से प्रेरित होकर अपने निवास से साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचकर एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से भी अपील की कि वे ईंधन की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिक से अधिक साइकिल अथवा पैदल चलने की आदत अपनाएं। एसपी की यह पहल केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण बनकर सामने आई है। कार्यालय पहुंचने के बाद एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यदि हम अपनी दैनिक दिनचर्या में छोटे-छोटे बदलाव करें, जैसे छोटी दूरी तय करने के लिए वाहन की बजाय पैदल चलना या साइकिल का उपयोग करना, तो इससे न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी बल्कि पर्यावरण प्रदूषण भी कम होगा। सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने कहा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों से यह भी आग्रह किया कि वे प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक दिन नो व्हीकल डे के रूप में मनाएं और उस दिन अपने कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए साइकिल या पैदल मार्ग का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा, शारीरिक सक्रियता बढ़ेगी और तनाव कम करने में मदद मिलेगी। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का निवास कार्यालय के आसपास है, उन्हें अनावश्यक वाहन उपयोग से बचना चाहिए और पैदल या साइकिल से कार्यालय आने की आदत विकसित करनी चाहिए।
<
